इंटरनेशनल क्रिकेट में युजवेंद्र चहल ने अपने नाम दर्ज किया अनोखे खास रिकॉर्ड


 भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज के पहले मैच में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 11 रनों से हराया। इस जीत के साथ ही भारत ने सीरीज में 1-0 की बढ़त भी बना ली है। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान आरोन फिंच ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। टीम इंडिया ने केएल राहुल (51) और रविंद्र जडेजा (नॉटआउट 44) की तूफानी पारी के दम पर 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 161 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम 20 ओवर में आरोन फिंच (35) और डार्सी शॉर्ट (34) की पारियों के बावजूद 7 विकेट खोकर 150 रन ही बना सकी। इसी बीच, रविंद्र जडेजा के चोटिल होने के चलते युजवेंद्र चहल इस मैच में बतौर कंकशन सब्स्टिट्यूट मैदान पर उतरे और बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट अपने नाम की। 


युजवेंद्र चहल ने इस मैच में शानदार गेंदबाजी की और अपने चार ओवर में सिर्फ 25 रन देकर 3 विकेट हासिल की। उनके इस दमदार प्रदर्शन के लिए चहल को मैन ऑफ द मैच चुना गया। चहल इंटरनेशनल क्रिकेट में ऐसे पहले खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने कंकशन सब्स्टिट्यूट के तौर पर मैन ऑफ द मैच का अवॉर्ड अपने नाम किया हो। जडेजा को बल्लेबाजी करने के दौरान एक गेंद उनके सिर पर लग गई थी और उसके बाद फील्डिंग के समय पर वह हेमस्ट्रिंग की समस्या से जूझते नजर आए, जिसके बाद उनको मैदान से बाहर जाना पड़ा। 


रविंद्र जडेजा ने तीसरे वनडे मैच की फॉर्म को इस पहले टी20 मुकाबले में भी बरकरार रखा और महज 23 गेंदों में 5 चौके और एक छक्के की मदद से 44 रनों की आतिशी पारी खेली, जिसके चलते भारतीय टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही। जडेजा की अलावा, भारत की तरफ से केएल राहुल ने 51 रनों की अच्छी पारी खेली। गेंदबाजी में अपना पहला टी20 मैच खेल रहे टी नटराजन ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और अपने 4 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट झटके। 

Post a Comment

और नया पुराने