कैनबरा में खेले जा रहे सीरीज के तीसरे वनडे में भारत ने ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 303 रनों का लक्ष्य रखा है। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 302/5 का स्कोर बनाया। भारत की तरफ से हार्दिक पांड्या ने सबसे ज्यादा 92 रन बनाये। विराट कोहली और रविंद्र जडेजा ने भी अर्धशतकीय पारियां खेली।
भारत के कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया और टीम में चार बदलाव किये। मयंक अग्रवाल, युजवेंद्र चहल, नवदीप सैनी और मोहम्मद शमी की जगह शुभमन गिल, कुलदीप यादव, शार्दुल ठाकुर और टी.नटराजन को शामिल किया गया। टी.नटराजन ने अपना वनडे डेब्यू किया और भारत के 232वें वनडे खिलाड़ी बने।
भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और छठे ओवर में 26 के स्कोर पर शिखर धवन (27 गेंद 16) आउट हो गए। इसके बाद शुभमन गिल ने विराट कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 56 रन जोड़े, लेकिन 16वें ओवर में 82 के स्कोर पर गिल 39 गेंदों में 33 रन बनाकर आउट हो गए। विराट कोहली ने श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर टीम को 20वें ओवर में 100 के पार पहुंचाया, लेकिन 23वें ओवर में 114 के स्कोर पर श्रेयस अय्यर (21 गेंद 19) के आउट होने से भारत को तीसरा झटका लगा। 26वें ओवर में 123 के स्कोर पर केएल राहुल भी सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गए।
विराट कोहली ने 64 गेंदों में अपना 60वां अर्धशतक पूरा किया और साथ ही वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 12000 रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बने। हालाँकि एक बार फिर कोहली शतक से दूर गए और 32वें ओवर में 152 के स्कोर पर 78 गेंदों में 63 रन बनाकर आउट हुए। हार्दिक पांड्या ने रविंद्र जडेजा के साथ मिलकर टीम को 42वें ओवर में 200 के पार पहुंचाया।
भारत ने आखिरी 10 ओवरों में 110 रन बनाये। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से एश्टन एगर ने दो और जोश हेज़लवुड, सीन एबॉट और एडम ज़म्पा ने एक-एक विकेट लिया।



एक टिप्पणी भेजें