सूर्यकुमार यादव ने एक और धमाकेदार पारी खेल बनाया ये खास रिकॉर्ड


 इंडियन प्रीमियर लीग में सूर्यकुमार यादव का परफॉर्मेंस काफी शानदार रहा है। मुंबई इंडियंस के इस विस्फोटक बल्लेबाज ने आईपीएल के 13वें सीजन में अबतक 15 मैचों में 41.90 की औसत और 148.23 के स्ट्राइक रेट से 461 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने चार अर्धशतक भी जड़े। मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे मैच में सूर्यकुमार यादव ने 38 गेंदों में 51 रन की पारी खेली। अपनी इस ताबड़तोड़ अर्धशतकीय पारी के दम पर सूर्यकुमार यादव ने ना केवल चयनकर्ताओं को जवाब दिया है, बल्कि कई रिकॉर्ड भी अपने नाम दर्ज कर लिए हैं।


सूर्यकुमार यादव ने अपनी इस 51 पन की पारी में 6 चौके और 2 छक्के जड़े, इसी के साथ आईपीएल में अबतक सूर्यकुमार यादव के नाम 100 मैचों में 2009 रन हो गए हैं। सूर्यकुमार ऐसे पहले खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने इंटरनेशनल डेब्यू से पहले आईपीएल में 2000 से ज्यादा रन पूरे कर लिए हैं।


इसी के साथ सूर्यकुमार यादव ऐसे पहले खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने इंटरनेशनल डेब्यू से पहले 100 आईपीएल मैच खेल लिए हैं। बता दें कि सूर्यकुमार आईपीएल में 2012 से खेल रहे हैं और अबतक 30.43 की औसत और 135.37 के स्ट्राइक रेट से 2000 से ज्यादा रन बना चुके हैं। सूर्यकुमार यादव के नाम आईपीएल में अबतक 11 अर्धशतक भी दर्ज हैं, जिनमें से 4 इसी सीजन के हैं।


मुंबई की स्टार खिलाड़ियों से सजी टीम में उन्होंने अपना अलग प्रभाव छोड़ा है। वह 2018 के आईपीएल के 14 मैचों में 512 रन बना चुके हैं। उनका स्ट्राइक रेट 133 से ऊपर था। पिछले सीजन में उन्होंने 16 मुकाबलों में 424 रन बनाए थे।

Post a Comment

और नया पुराने