आईपीएल 2020 में लीग राउंड समाप्त हो चुका है। प्लेऑफ के 4 में से 2 मैच हो चुके हैं। ऑरेंज कैप और पर्पल कैप के लिए खिलाड़ियों में दौड़ जारी है। ऑरेंज कैप की बात करें तो किंग्स इलेवन पंजाब की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है, लेकिन उसके कप्तान केएल राहुल रेस में लगातार टॉप पर बने हुए हैं। ऐसा लग रहा था कि उन्हें किसी से टक्कर नहीं मिल सकेगी, लेकिन शिखर धवन और डेविड वॉर्नर उनके नजदीक पहुंच गए हैं।
राहुल ने 14 मैच में 670 रन बनाए हैं। दूसरी ओर, वॉर्नर ने 15 मैच में 546 रन बना लिए हैं। वहीं, धवन के नाम 15 मैच में 525 रन हैं। हैदराबाद के कप्तान ने एलिमिनेटर मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर के खिलाफ 17 रन बनाए। इस पारी के दौरान उन्होंने धवन से अपनी बढ़त को 4 रन से बढ़ाकर 21 रन कर लिया है। वे पहले स्थान पर काबिज राहुल से 124 रन पीछे हैं। अगर उनकी टीम दिल्ली के खिलाफ क्वालीफायर-2 में जीतकर फाइनल में पहुंच जाती है तो उनके पास राहुल को पीछे छोड़ने के दो मौके होंगे। यही मौका धवन के पास भी है। वे राहुल से 145 पीछे हैं।
धवन और वॉर्नर के मौजूदा फॉर्म को देखे तो दोनों राहुल को पीछे छोड़ सकते हैं। धवन ने सीजन में दो शतक लगाए हैं। वे बड़ी पारी खेलने के लिए जाने जाते हैं। वहीं, वॉर्नर ने इस सीजन में 4 अर्धशतक लगाए हैं। 85 रन उनका उच्चतम स्कोर है। ऐसे में वो ऑरेंज कैप को अपने नाम कर सकते हैं। इन तीनों बल्लेबाजों के अलावा किसी ने भी 500 रन नहीं बनाए हैं। क्विंटन डीकॉक और ईशान किशन के नाम 483-483 रन हैं, लेकिन उनके पास सिर्फ एक ही मैच है। ऐसे में वो राहुल को पीछे नहीं छोड़ पाएंगे।



एक टिप्पणी भेजें