इससे पहले रविवार रात को पूरे मामले की जांच करने मुंबई पहुंचे पटना के सिटी एसपी विनय तिवारी को 14 दिनों के लिए होम क्वारंटाइन कर दिया गया था। मुंबई एयरपोर्ट से बाहर आने के बाद सिटी एसपी ने मामले की जांच कर रहे चारों पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक की थी। 6 दिनों में टीम द्वारा की गई जांच और जमा किए गए सबूत की जानकारी ली थी। विनय तिवारी टीम के साथ एक संदिग्ध से पूछताछ कर रहे थे इसी दौरान रविवार देर रात करीब 11:00 बजे के आसपास बीएमसी के अफसरों ने उन्हें क्वारंटाइन कर दिया।
बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे ने रविवार देर रात ट्वीट कर बताया था कि आईपीएस अधिकारी विनय तिवारी बिहार पुलिस टीम का नेतृत्व करने के लिए आधिकारिक ड्यूटी पर आज पटना से मुंबई पहुंचे लेकिन बीएमसी अधिकारियों ने जबरन उन्हें क्वारंटाइन कर दिया। अनुरोध के बावजूद उन्हें आईपीएस मेस में आवास प्रदान नहीं किया गया था जिसके बाद वह गोरेगांव (मुंबई) के एक गेस्ट हाउस में ठहरे हुए थे।
बता दें कि सुशांत की मौत के मामले की जांच को मुंबई गई बिहार पुलिस की टीम को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आरोप हैं कि मुंबई पुलिस बिहार पुलिस टीम को सहयोग नहीं दे रही है। इसी वजह से पटना सिटी एसपी विनय तिवारी को मुंबई भेजा गया था।
उनके (विनय तिवारी) साथ जो हुआ वो गलत है। ये राजनीतिक नहीं है, बिहार पुलिस अपनी ड्यूटी कर रही है। हमारे DGP उनसे बातचीत करेंगे: #सुशांत_सिंह_राजपूत की मौत मामले में जांच कर रहे पटना नगर (पूर्वी) SP विनय तिवारी को मुंबई में क्वारंटाइन करने के मामले पर बिहार के CM नीतीश कुमार pic.twitter.com/EQhmVOxERh— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 3, 2020

एक टिप्पणी भेजें