महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 7975 नए मामले आने के साथ ही बुधवार तक कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़ कर 275640 हो गई। राज्य में संक्रमण से मरने वालों की संख्या 11000 के करीब पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि राज्य में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से 233 लोगों की मौत होने के साथ ही राज्य में संक्रमण से मरने वालों की संख्या 10928 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बयान के अनुसार, बुधवार को अस्पताल से कुल 3606 मरीजों को छुट्टी मिली। अभी तक कुल 152613 मरीज संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। उसमें कहा गया है कि राज्य में फिलहाल 111801 लोगों का इलाज चल रहा है। मुंबई में बुधवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 1390 नए मामले सामने आए जिससे इस वायरस से संक्रमितों की कुल संख्या बढ़ कर 96253 हो गई। बृहन्मुंबई नगर निगम ने इसकी जानकारी दी है।
वहीं, बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) बताया कि पिछले 48 घंटे में 62 और लोगों ने इस वायरस के संक्रमण के कारण दम तोड़ दिया । इसने कहा है कि मुंबई में मरने वालों की संख्या बढ़ कर 5464 हो गई है। बीएमसी ने कहा है कि मरने वालों में से 51 फीसदी किसी और बीमारी से भी पीड़ित थे।
निगम ने कहा है कि आज दिन में 1197 मरीजों को सफल उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। मुंबई में अब तक ठीक होने वाले मरीजों की संख्या इसके साथ ही बढ़ कर 67830 हो गई है। बीमएसी ने बताया कि मुंबई में अब भी 22959 मरीजों का इलाज चल रहा है। इसके अनुसार आज आये ताजा मामलों में से 996 को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक टिप्पणी भेजें