ट्रंप दंपत्ति को ताजमहल घुमाते हुए जब नितिन ने उन्हें डायना बेंच पर बैठने को कहा तो उन्होंने मना कर दिया। इसके बाद वह फव्वारे की ओर चल दिए और यहां पर नितिन ने ट्रंप से एक और गुजारिश की। उन्होंने ट्रंप को मेलानिया का हाथ पकड़कर चलने को कहा। ट्रंप ने नितिन की यह बात मान ली और अपनी पत्नी मेलानिया का हाथ पकड़कर चलने लगे। दुनिया के अजूबों में शुमार खूबसूरती की मिसाल ताजमहल परिसर में अपनी पत्नी का हाथ थामे ट्रंप करीब 50 से 60 कदम चले।
इसी दौरान ट्रंप व मेलानिया की फोटो खींची गई, जोकि विश्व मीडिया में छा गई। ताजमहल घूमने के दौरान ट्रंप दंपत्ति का आपसी तालमेल भी देखते ही बन रहा था। ऐसा लग रहा था मानो दोनों प्रेम को समर्पित इस इमारत से अपने आपको जोड़कर देख रहे हों।
नितिन ने बताया कि वह ट्रंप व मेलानिया को समय देने के लिए कुछ देर तक उनके साथ न चलते हुए कुछ कदम पीछे चले। नितिन भी बखूबी समझ रहे थे कि ऐसे प्यार भरे माहौल में एक जोड़े को कुछ पल अकेले ही बिताने चाहिए। ताज के दीदार करने के बाद ट्रंप ने नितिन से कहा, "थैंक यू।" इसके बाद उन्होंने साथ में सेल्फी ली।




एक टिप्पणी भेजें