योगी ने कहा, "प्रदेश में पुलिस में 20 फीसदी बालिकाओं को अनिवार्य रूप से भर्ती किया जाएगा, जिससे प्रदेश की सुरक्षा में उनका बड़ा योगदान हो सके। हमारा प्रयास है कि प्रदेश की प्रत्येक तहसील के अंदर एक आईटीआई और कौशल विकास केंद्र खोला जाए जो नौजवानों को उनके हुनर का एक मंच दे सके।"
मुख्यमंत्री योगी ने कहा, "दुनिया के सबसे बड़े डिफेंस एक्सपो 2020 का उद्घाटन पांच फरवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लखनऊ में किया था। यह एक्सपो भारत के शौर्य, पराक्रम और सैन्य इतिहास के गौरवशाली क्षणों से जुड़ने का अवसर था। जिसमें 70 देशों के रक्षामंत्री, डिफेंस चीफ और राजदूतों ने शामिल होकर यह साबित किया है कि रक्षा के क्षेत्र में अब भारत आयातक ही नहीं, निर्यातक भी बनेगा। जिसका केंद्र बिंदु उत्तर प्रदेश होगा।"
उन्होंने कहा कि डिफेंस कॉरिडोर में निवेश के लिए देश-विदेश की कई कंपनियों ने एमओयू पर साइन किए हैं। इससे उत्तर प्रदेश में 50 हजार करोड़ रुपये का निवेश आएगा और लगभग पांच लाख युवाओं को नौकरी और रोजगार प्राप्त होगा।




एक टिप्पणी भेजें