केएल राहुल ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछले दोनों वनडे मैचों में बल्ले का कमाल दिखाया और विकेट के पीछे भी बेहतर प्रदर्शन किया। भारत ने एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए तीसरे वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया को 7 विकेट से मात देकर सीरीज पर अपना कब्जा जमाया।
मुंबई में खेले गए पहले वनडे मैच में ऋषभ पंत के हेलमेट पर बल्लेबाजी करते हुए पैट कमिंस का बाउंसर लगा था। उस मैच में पंत की जगह राहुल ने कीपिंग की। उसके बाद खेले गए दोनों वनडे मैचों में राहुल ने विकेटकीपिंग संभाली। क्रिकेट दिग्गजों ने भी राहुल की विकेटकीपिंग की तारीफ की। राहुल भी विकेटकीपिंग करके खुश हैं।
राजकोट में जीत के बाद राहुल ने कहा था, ''विकेटकीपिंग एक चुनौती है। यहां तक कि मैं कुछ अवसरों पर कुलदीप (यादव) और (रविंद्र) जडेजा की गेंदों की गति नहीं समझ पाता। मुझे अपनी प्रथम श्रेणी टीम के साथ इस तरह की गेंदबाजी का सामना नहीं करना पड़ा था। मुझे जो भी जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। मैं केवल उसका आनंद उठा रहा हूं और अपनी तरफ से सर्वश्रेष्ठ करने का प्रयास कर रहा हूं।''
भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा का मानना है कि राहुल की विकेटकीपिंग राहुल द्रविड़ से बेहतर है। उन्होंने कहा था, ''लोकेश राहुल विकेटकीपिंग के मामले में द्रविड़ से बेहतर हैं, लेकिन मैं नहीं चाहूंगा कि उन्हें नियमित तौर पर यह जिम्मेदारी दी जाए। यह नहीं होना चाहिए की वह 50 ओवर विकेटकीपिंग करें और फिर शीर्ष क्रम में बल्लेबाजी करें।''
सीरीज जीतने के बाद कप्तान विराट कोहली ने वनडे विश्व कप में चौथे पायदान के खिलाड़ी के बारे में पूछे जाने पर कहा, “मेरा मानना है कि टीम में खिलाड़ियों के स्थान को लेकर स्पष्टता नहीं होने से हमें अतीत में नुकसान हुआ। अब हम इस बात को अच्छी तरह समझते हैं, हम इसी क्रम के साथ कुछ समय तक चलेंगे और आकलन करेंगे कि यह सही है या गलत।”
उन्होंने कहा, “हम अच्छा खेल रहे हैं। टीम में कोई बदलाव नहीं है और हमने लगातार दो मैच जीते हैं। इसकी कोई वजह न खोजिए कि हमने टीम में कोई बदलाव नहीं किया। ऐसा टीम की बेहतरी के लिए किया गया।”




एक टिप्पणी भेजें