दीपक चाहर वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे वनडे से पहले बाहर हो गए थे और उनके स्थान पर नवदीप सैनी को टीम में शामिल किया गया था। सोमवार को दिल्ली में हुई चयन समिति की बैठक में बताया गया कि दीपक चाहर को लोअर बैक में स्ट्रेस फ्रैक्चर की समस्या हुई है। दरअसल BCCI ने सिलेक्शन कमेटी को एक ईमेल किया था जिसमें दीपक चाहर की चोट को लेकर अपडेट दिया गया। इसमें बताया गया कि चाहर को को कमर के निचले हिस्से में फ्रेक्चर है और फिलहाल वे चयन के लिए उपलब्ध नहीं हैं। इस मेल में ये भी लिखा गया कि चाहर कब तक वापसी करेंगे, इसकी फिलहाल कोई जानकारी नहीं है क्योंकि उनकी चोट भी गंभीर है। हालांकि माना जा रहा है कि बुमराह की तरह ही चाहर को भी कम से कम 4 महीने लग सकते हैं।
BCCI के ईमेल में बताया गया कि चाहर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ कटक में आखिरी वनडे से पहले दर्द की शिकायत की थी। टीम के फिजियो और डॉक्टरों ने उन्हें आराम की सलाह दी। इसी दौरान उनके मेडिकल टेस्ट और स्कैन किए गए। अब जब इन मेडिकल जांच की रिपोर्ट सामने आई तो चाहर निराश हो गए क्योंकि उन्हें लोअर बैक स्ट्रैस फ्रेक्चर निकला। बता दें कि इसी परेशानी से जसप्रीत बुमराह भी जुझ रहे हैं। बुमराज की अगस्त के बाद से अब टीम में वापसी हुई है। चाहर की चोट का पता चलते ही नेशनल क्रिकेट एकेडमी में उनका रिहैबिलिटेशन शुरू हो गया है। माना जा रहा है कि चाहर अप्रैल 2020 तक फिट हो जाएंगे।
बता दें कि बुमराह ने आखिरी वनडे मैच जुलाई 2019 में वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल खेला था। हालांकि इसके बाद वेस्टइंडीज दौरे पर बुमराह टेस्ट सीरीज में खेले। इस सीरीज के बाद ही बुमराह को स्ट्रेस फ्रैक्चर की शिकायत हुई थी। बहरहाल यदि चाहर को फिट होने में 4 महीने लगते हैं ऐसी स्थिति में वे आईपीएल के शुरुआत के कुछ मैच नहीं खेल पाएंगे।

एक टिप्पणी भेजें