इमरान खान ने सबसे पहले इस कांग्रेस नेता को भेजा करतारपुर कॉरिडोर उद्घाटन समारोह का निमंत्रण


पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू को करतारपुर कॉरिडोर के उद्घाटन समारोह का निमंत्रण दिया है। करतारपुर कॉरिडोर के उद्घाटन के लिए इमरान खान द्वारा यह पहला आधिकारिक निमंत्रण है। इस निमंत्रण पत्र पर सीरियल नंबर भी 0001 है। भारत और पाकिस्तान अलग-अलग 9 नवंबर को करतारपुर गलियारे का उद्घाटन करेंगे।


सिद्धू ने पाकिस्तान में करतारपुर गलियारे के उद्घाटन समारोह में भाग लेने के लिए विदेश मंत्रालय से अनुमति मांगी है। सिद्धू ने इस संबंध में पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह को भी एक पत्र लिखा है। मुख्यमंत्री ने वह पत्र जरूरी कार्रवाई के लिए मुख्य सचिव को भेज दिया। विदेश मंत्री एस जयशंकर को लिखे पत्र में सिद्धू ने कहा कि उन्हें 9 नवंबर को करतारपुर साहिब गलियारे के उद्घाटन समारोह के लिए पाकिस्तान सरकार द्वारा आमंत्रित किया गया है। एक सिख के रूप में, इस ऐतिहासिक अवसर पर अपने महान गुरु बाबा नानक को श्रद्धा सुमन अर्पित करने और अपनी जड़ों से जुड़ने का यह एक महान अवसर होगा। इसलिए, मुझे इस पावन अवसर पर पाकिस्तान जाने की अनुमति दें।


इमरान खान ने रविवार को करतारपुर परिसर और गुरुद्वारा दरबार साहिब की कुछ शानदार तस्वीरें साझा कीं और कहा कि आस्था का यह केंद्र गुरु नानक देव की 550वीं जयंती पर सिख श्रद्धालुओं का स्वागत करने के लिए तैयार है। एक अन्य ट्वीट में उन्होंने निर्माणकार्य वक्त पर पूरा करने के लिए अपनी सरकार को बधाई दी।


गौरतलब है कि सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव ने पाकिस्तान के करतारपुर में रावी नदी के किनारे स्थित दरबार साहिब गुरुद्वारे में अपने जीवन के अंतिम 18 वर्ष बिताए थे। यह गलियारा पंजाब के गुरदासपुर में स्थित डेरा बाबा नानक गुरुद्वारे को करतारपुर स्थित गुरुद्वारा दरबार साहिब से जोड़ता है।

Post a Comment

और नया पुराने