रानू मंडल पर बन सकती है फिल्म, रानू ने सुनाई अपनी जिंदगी की कहानी


स्टेशन पर गाना गाने वाली रानू मंडल की जिंदगी कुछ इस तरह पलटी कि वह रातों-रात सेलिब्रिटी बन गईं। उन्होंने हिमेश रेशमिया की फिल्म के लिए गाना गाया। आज वह एक जाना-माना नाम हैं। रानू को आज भले ही करोड़ों लोग जानते हैं लेकिन कितने लोग ऐसे होंगे जो उनकी जिंदगी की कहानी के बारे में जानते होंगे? रानू का कहना है कि उनकी जिंदगी पर फिल्म बननी चाहिए।


करीब 60 साल पहले वे एक अच्छे परिवार में पैदा हुई थीं। दुर्भाग्य से वे अपने माता-पिता से अलग हो गईं। बाद में उन्होंने एक रसोइये से शादी की, जो मरहूम बॉलीवुड स्टार फिरोज खान के यहां काम करते थे। उनके साथ वे पश्चिम बंगाल से मुंबई आ गईं लेकिन उसके बाद उनके पारिवारिक रिश्तों में खटास आने लगी। इसी के साथ उनकी जिंदगी के संघर्ष भी बढ़ने लगे।


रानू ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "मेरे जीवन की कहानी बहुत लंबी है। मेरे जीवन की कहानी पर एक फिल्म बन सकती है। यह एक खास फिल्म होगी।"


रानू ने कहा, "मैं फुटपाथ पर पैदा नहीं हुई थी। मैं एक अच्छे परिवार से थी, लेकिन शायद यही सब मेरी जिंदगी में लिखा था, मैं अपने माता-पिता से केवल छह महीने के उम्र में अलग हो गई।" रानू ने बताया कि उनकी उनकी दादी ने उन्हें पालापोसा, लेकिन उनके लिए जीवन आसान नहीं था।


रानू कहतीं हैं, "हमारे पास घर था। लेकिन आप जानते हैं कि उसे चलाने के लिए लोगों की जरूरत होती है। कई दिन अकेलेपन के थे। मैंने बहुत संघर्ष किया, लेकिन हमेशा से मेरा भगवान में भरोसा था। मैं परिस्थितियों के मुताबिक गाना गाती थी। ऐसा नहीं था कि मुझे गाना गाने का मौका दिया गया, बल्कि मुझे गाना गाने से प्यार था, इसलिए मैं गाना गाती थी।"


उन्होंने याद करते हुए कहा, "मैं लता मंगेशकर के गाने सीखती थी। उन्होंने मुझे नहीं सिखाया, लेकिन मैंने रेडियो और कैसेट से सीखा।" इसके कई सालों बाद, उन्होंने शादी की।

Post a Comment

और नया पुराने