नागपुर पुलिस ने कहा "प्रिय विक्रम, कृपया प्रतिक्रिया दो, सिग्नल तोड़ने के लिए हम तुम्हारा चालान नहीं काटेंगे"


नागपुर पुलिस चंद्रयान-2 के लैंडर विक्रम को लेकर अपने एक दिलचस्प ट्वीट की वजह से इंटरनेट पर छाई हुई है। इस ट्वीट में पुलिस ने 'विक्रम' से जवाब देने का अनुरोध करते हुए कहा कि सिग्नल तोड़ने के लिये उसका चालान नहीं किया जाएगा।


'विक्रम' का शनिवार को चंद्रमा की सतह पर उतरने के दौरान उसकी सतह से 2.1 किलोमीटर दूर रहने के दौरान इसरो के मिशन कंट्रोल सेंटर से संपर्क टूट गया था। इसरो प्रमुख के सिवन ने रविवार को कहा था कि लैंडर विक्रम के साथ संपर्क स्थापित करने के प्रयास किये जा रहे हैं।


नागपुर पुलिस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर कहा, “प्रिय विक्रम, कृपया जवाब दो। हम सिग्नल तोड़ने पर तुम्हारा चालान नहीं काटेंगे।” सोशल मीडिया पर नागपुर पुलिस के इस ट्वीट को खूब पसंद किया जा रहा है और उसके हास्यबोध की भी तारीफ हो रही है।


ट्वीट को कुछ ही घंटों के अंदर ही 50 हजार से ज्यादा यूजर्स ने लाइक किया और साढ़े दस हजार से ज्यादा लोगों ने इसे रीट्वीट किया। नागपुर पुलिस ने फिल्म शोले के एक मशहूर संवाद का इस्तेमाल करते हुए एक और ट्वीट साझा कर इसरो के ऐतिहासिक मिशन की सराहना की। 

Post a Comment

और नया पुराने