बता दें कि पुणे में मॉनसून काफी सक्रिय है जिस कारण पिछले दिनों वहां लगातार भारी बारिश हो रही है। इसका असर गुरुवार सुबह देखने को मिला। बुधवार देर रात कटराज कनाल की दीवार गिरने से दो महिलाओं और एक बच्चे समेत 6 लोगों की मौत हो गई। खेड़ शिवपुर के पास 5 लोग एक नाले में पानी का स्तर बढ़ने से बह गए। पुलिस ने तीन शव बरामद कर लिए हैं जबकि 2 की खोज चल रही है। इलाके में अब तक 11 लोगों की मौत बारिश के कारण हादसों में हो चुकी हैं।
कई जगहों पर पेड़ और पोल गिर पड़े जिससे गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। लेक टाउन से बीबवेवाड़ी जाने वाला पुल भी टूट गया। हालात को देखते देखते हुए पुणे के जिला कलेक्टर नवल किशोर राम ने पुणे शहर, पुरंदर, बारामती, भोर और हवेली तहसील में स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी कर दी है। वहीं, सासवाड़ में भारी बारिश के कारण नजारे बांध से 85000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। बारामती जिले में बाढ़ की आशंका के चलते अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
स्थिति से निपटने के लिए कटराज, बारामती और कॉर्पोरेशन ऑफिस में एनडीआरएफ की एक-एक टीम भेजी गई है। एक निजी मौसम एजेंसी के मुताबिक इस साल का सितंबर महीना सबसे ज्यादा बारिश वाला रहा। शहर के कई इलाकों में भारी जलभराव रहा है और बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई है। पद्मावती पंपिंग स्टेशन प्रभावित होने के कारण सतारा रोड, कोंढावा, बीबवेवाड़ी, सहकारनगर, मार्केटयार्ड, बालाजीनगर और ढंकावाड़ी में पानी सप्लाइ भी बंद रहेगी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार को कहा कि बिहार, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर आज भारी वर्षा होने की संभावना है। मौसम के पूर्वानुमान ने आगे बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, कोलकाता और झारखंड के कुछ इलाकों में पूरे दिन भारी बारिश होने की संभावना है। आईएमडी ने अपने अखिल भारतीय मौसम में कहा, 'गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, गुजरात क्षेत्र, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण, गोवा, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, माहे और लक्षद्वीप में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है।'





एक टिप्पणी भेजें