अपनी मांगों को लेकर नोएडा से दिल्ली में प्रवेश करेंगे सैंकड़ों किसान, हाई अलर्ट पर पुलिस


पदयात्रा में शामिल किसान स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने की मांग कर रहे हैं। साथ ही बिजली की कीमतों में हुई बढ़ोतरी वापस लेने, गन्ना किसानों के बकाये का भुगतान करने की मांग भी कर रहे हैं। फिलहाल किसानों का झुंड नोएडा 69 के पास है। वह न्यू अशोक नगर के पास चिल्ला बॉर्डर के रास्ते नोएडा से दिल्ली में प्रवेश करेंगे। प्रशासन उन्हे रोकने का प्रयास कर रहा है।


भारतीय किसान संगठन के अध्यक्ष पूरन सिंह ने शुक्रवार को कहा था कि कृषि मंत्रालय के अधिकारियों और किसानों के बीच बातचीत विफल होने के बाद हम सरकार को जगाने के लिए दिल्ली तक मार्च करेंगे। इससे पहले शुक्रवार को नोएडा पहुंचने पर किसानों ने जिले में कई जगहों पर विरोध-प्रदर्शन किया। आंदोलकारी किसान अपने खाने-पीने और अन्य जरुरत के सामानों का 20 दिन का इंतजाम कर के लाए हैं।


पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भारतीय किसान संगठन के बैनर तले दिल्ली पहुंच रहे इन किसानों की मांगों को लेकर सरकार के प्रतिनिधि भी उनसे बातचीत कर रहे हैं। चार जिलों की पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। बड़ी तादाद में एक्स्ट्रा फोर्स भी रात से ही दिल्ली की बॉर्डर के आसपास तैनात कर दी गई है।

Post a Comment

और नया पुराने