नई दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए 17 सितंबर खास दिन है, क्योंकि यह उनका जन्मदिन है। इस मंगलवार को मोदी 69 साल के हो जाएंगे। इस मौके पर वह विमान से अपने गृहराज्य गुजरात जाएंगे। मोदी इसी दिन नर्मदा जिले में स्थित सरदार सरोवर बांध का जायजा लेंगे, जिसका जलस्तर 138.68 मीटर हो गया है। दो साल पहले बने इस बांध का जलस्तर क्षमता के अनुसार पहली बार सबसे ऊंचा हुआ है। प्रधानमंत्री के आगमन के मौके पर समूचे बांध को बिजली के रंग-बिरंगे बल्बों से सजाया गया है।
मोदी सोमवार की देर रात गुजरात पहुंचेंगे। लेकिन बांध पर जाने से पहले अपने घर जाकर 95 वर्षीया अपनी मां हीराबेन का आशीर्वाद लेंगे।
गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी पहले ही ट्वीट कर चुके हैं, "हम 17 सितंबर को अपने प्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी के जन्मदिन पर केवाडिया में होने वाले 'नमामि देवी नर्मदा महोत्सव' में उनके स्वागत के लिए तैयारी हैं।"
महोत्सव के अवसर पर नर्मदा आरती का आयोजन भी किया जाएगा।
भाजपा भी समूचे सप्ताह 'सेवा सपथ' का आयोजन करेगी, जिसमें पार्टी प्रमुख अमित शाह सहित प्रत्येक भाजपा सदस्य भाग लेंगे। इस दौरान सफाई अभियान चलाया जाएगा और जरूरतमंदों की मदद के लिए रक्तदान किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें