अगर घर में चीजें सही जगहों पर नहीं रखते हैं तो, घर में गरीबी बनी रहती है


वातावरण में दो तरह की शक्तियां होती हैं। एक है सकारात्मक और दूसरी है नकारात्मक। वास्तु शास्त्र में बताए गए उपायों से घर में सकारात्मकता बढ़ती है और नकारात्मकता दूर होती है। घर में रखी हर एक चीज का संबंध वास्तु से होता है। सभी चीजों के लिए शुभ और अशुभ दिशाएं, जगहें बताई गई हैं। अगर गलत जगह पर कोई चीज रखते हैं तो वास्तु दोष बढ़ते हैं। वास्तु दोषों के कारण घर की गरीबी दूर नहीं हो पाती है। जानिए घर की छोटी-छोटी गलतियां जो वास्तु दोष बढ़ाती हैं, जिनकी वजह से गरीबी बनी रहती हैं...

1. अगर घर के मुख्य द्वार के पास पानी का मटका भरकर रखते हैं तो गलत अशुभ माना गया है। कभी भी मुख्य द्वार के पास पानी से भरा बर्तन नहीं रखना चाहिए। पानी उत्तर-पूर्व या दक्षिण-पूर्व दिशा में रखना शुभ रहता है। मेन गेट के पास पानी का बर्तन रखने से घर में सकारात्मक ऊर्जा प्रवेश नहीं कर पाती है। इस कारण वास्तु दोष बढ़ सकते हैं।

2. कभी भी मेन गेट के पीछे कैलेंडर नहीं लटकाना चाहिए। इसकी वजह से वास्तु के दोष बढ़ते हैं। कैलेंडर घर में किसी दीवार पर लगा सकते हैं।

3. घर में धारदार चीजें जैसे कैंची, चाकू, तलवार आदि खुली नहीं रखनी चाहिए। इन चीजों को दक्षिण-पूर्व दिशा में सावधानी से रखना चाहिए।

4. घर में टूटे-फूटे बर्तन, बेकार चीजें नहीं रखनी चाहिए। इन चीजों की वजह से वास्तु दोष बढ़ते हैं और घर में गरीबी बनी रहती है।

5. कभी भी बेडरूम में जूठे बर्तन न रखें। अगर बेडरूम में खाना खाते हैं तो खाने के तुरंत बाद बर्तन कमरे से हटा देना चाहिए। इस बात का ध्यान न रखने पर पति-पत्नी के बीच वाद-विवाद हो सकता है।

6. बेडरूम में धर्म ग्रंथ और देवी-देवताओं की मूर्तियां भी नहीं रखनी चाहिए। पति-पत्नी के कमरे में सिर्फ राधा-कृष्ण की फोटो लगा सकते हैं। हनुमानजी की फोटो बेडरूम में लगाने से बचना चाहिए।

7. बेडरूम में आइना भी लगाने से बचना चाहिए। अगर इस कमरे में आइना लगा है तो रात को सोने से पहले इसे ढंकना न भूलें।

8. कभी भी तिजोरी में लोन या किसी विवाद से संबंधित कागज नहीं रखना चाहिए। तिजोरी में सिर्फ धन और शुभ चीजें ही रखनी चाहिए।

Post a Comment

और नया पुराने