दिल को सेहतमंद रखना है तो अपनी लाइफस्टाइल में शामिल कर लें ये 5 आदतें


दिल से जुड़ी बीमारियों के बारे में बात करते हुए दन्वंथिरी मेडिकल टूरिज्म के को-फाउंडर शिवाचेंदुरण बी बताते हैं कि भारत में हर साल 9.2 फीसदी की दर से कार्डियोवैस्कुलर डिसीज से पीड़ित मरीजों की संख्या बढती जा रही है और इस बीमारी से मरने वालों की संख्या भी उसी अनुपात में बढ़ रही है। वे बताते हैं कि अगर आप अपनी लाइफस्टाइल में कुछ नयी आदतें शामिल कर लें तो आप आसानी से इन बीमारियों से बच सकते हैं। आइये जानते हैं ऐसी ही कुछ आदतों के बारे में....

तेज आवाज में हंसें


खुद को खुश और स्वस्थ रखने के लिए हंसना सबसे आसान उपाय है। इससे आपकी मांशपेशियों को तो आराम मिलता ही है साथ ही आपकी टेंशन भी दूर हो जाती है। जब आप हंसते हैं तो उस दौरान शरीर में ऐसे हार्मोन की मात्रा बढ़ जाती है जो स्ट्रेस को कम करने में मदद करते हैं और ब्लड फ्लो को बेहतर कर देते हैं। इसलिए रोजाना खूब हंसें और स्वस्थ रहें।

रेड वाइन पियें


अगर आप ड्रिंक करना पसंद करते हैं तो अल्कोहल युक्त पेय पीने की बजाय आप अंगूर से तैयार की हुई रेड वाइन पियें। अंगूर में फ्लावोनोइड और एंटी-ऑक्सीडेंट की मात्रा बहुत ज्यादा होती है जिस कारण इससे तैयार की हुई वाइन शरीर से ख़राब टोक्सिन को बाहर निकलने में मदद करती है और ब्लड क्लॉटिंग के खतरे को कम करती है। लेकिन इस बात का हमेशा ध्यान रखें कि इसे सीमित मात्रा में ही पियें।

ओमेगा-3 फैटी एसिड का सेवन


यह तो हम सभी जानते हैं कि ओमेगा-3 फैटी एसिड दिल से जुड़ी बीमारियों के खतरे को कम करता है इसलिए अगर आप नॉन वेज खाते हैं तो फिर अपनी डायट में फिश ज़रूर शामिल करें, क्योंकि फिश में ओमेगा-3 फैटी एसिड की मात्रा सबसे ज्यादा होती है। वहीँ अगर आप वेजीटेरियन हैं तो फिर डाइट में अलसी के बीज, मस्टर्ड ऑयल, आम और बेरी जैसी चीजों को शामिल करें।

टहलना


एक दिन में कम से कम 10000 कदम टहलना चाहिये। इतना टहलना आपके पूरे शरीर के स्वास्थ्य के लिए बहुत ज़रूरी है। इससे आपको वजन कम करने में भी आसानी होती है साथ ही दिल भी स्वस्थ तरीके से काम करता है। इसलिए रोजाना आधे घंटा तेज गति से टहलने की आदत डाल लें।

पेट थेरेपी


अमेरिका की नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ़ हेल्थ द्वारा किये एक अध्ययन के अनुसार घर में पालतू जानवर रखने से न सिर्फ आपके दिल और फेफड़ों का स्वास्थ्य बेहतर होता है बल्कि हार्ट डिज़ीज से मरने वालों की संख्या में भी कमी आती है। इसके पीछे यह कारण बताया जाता है कि घर में पालतू जानवर होने से आपका मूड दिन भर अच्छा रहता है।

Post a Comment

और नया पुराने