बर्थडे पर जानिए श्रीदेवी की बड़ी बेटी जाह्नवी कपूर की अनकही बातें..!!


बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री श्रीदेवी की बड़ी बेटी जाह्नवी कपूर का आज जन्मदिन है। 6 मार्च 1997 को मुंबई में जन्मीं जाह्नवी 21 साल की हो गईं हैं। जल्द ही वह फिल्म 'धड़क' से बॉलीवुड में डेब्यू करने वालीं हैं। यह फिल्म धर्मा प्रोडक्शंस की है जिसमें उनके अपोजिट शाहिद कपूर के भाई ईशान खट्टर होंगे लेकिन बॉलीवुड में डेब्यू से पहले ही उनकी मां श्रीदेवी की अचानक मौत हो गई।


जाह्नवी ने मुंबई के धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल से पढ़ाई की है, जिसके बाद वह न्यूयॉर्क चलीं गईं जहां उन्होंने ली स्ट्रॉसबर्ग थियेटर एंड फिल्म इंस्टीट्यूट से कोर्स किया। कोर्स खत्म करने के बाद जाह्नवी बॉलीवुड में लॉन्च होने की तैयारी में जुट गईं। फिल्ममेकर करण जौहर ने जाह्नवी को अपनी फिल्म में कास्ट किया। मराठी फिल्म 'सैराट' के हिन्दी रीमेक 'धड़क' से वह डेब्यू करेंगी। यह फिल्म 20 जुलाई 2018 में रिलीज होगी।


जाह्नवी हर इवेंट में अपनी मां के साथ ही नजर आती थीं लेकिन इस बार उनके 21वें जन्मदिन पर श्रीदेवी साथ नहीं होंगी। गौरतलब है कि जाह्नवी के जन्मदिन से कुछ दिन पहले ही 24 फरवरी को श्रीदेवी ने दुनिया को अलविदा कह दिया। 


श्रीदेवी ने बेटी के बर्थडे के लिए एक महीने पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी थीं। श्रीदेवी जब भांजे की शादी अटेंड करने दुबई गईं तो जाह्नवी ने उन्हें पूरी शॉपिंग लिस्ट थमा दी थी लेकिन उससे पहले ही श्रीदेवी इस दुनिया से विदा हो गईं जिसके बाद जाह्नवी पूरी तरह टूट गईं हैं।


मां को याद करते हुए जाह्नवी ने कुछ दिनों पहले इंस्टाग्राम पर एक इमोशनल चिट्ठी लिखी। जाह्नवी ने लिखा, 'मेरे सीने में एक अजीब सा खालीपन है और मुझे पता हे कि मुझे उसके साथ जीना सीखना होगा। मैं अब भी आपके प्यार को महसूस कर पा रही हूं। मुझे महसूस होता है कि आप मुझे दुख और तकलीफों से बचा रहीं हैं। मैं जब भी अपनी आंखें बंद करती हूं तो मुझे अच्छी चीजें ही दिखाई देती हैं। मुझे पता है कि ऐसा आप ही कर रहीं हैं। हम जब तक आपके साथ रह पाए, उसके लिए बहुत खुशनसीब हैं। शायद आप इस दुनिया के लिए नहीं थीं। आप बहुत अच्छी और प्यार से भरी हुईं थीं इसलिए भगवान ने आपको वापस बुला लिया लेकिन कम से कम हम आपके साथ रह तो सके।'


जाह्नवी कपूर ने भले ही अभी तक फिल्मी करियर शुरू नहीं किया है लेकिन सोशल मीडिया पर काफी पॉपुलर हैं। फिल्मी पार्टियों से लेकर उनके एयरपोर्ट लुक्स हमेशा चर्चा में रहते हैं। 

Post a Comment

और नया पुराने