गपशप करने में आता है मजा, तो इस रिसर्च की रिपोर्ट जानकर और गपशप करने का मन करेगा!


यूं तो पूरी दुनिया में जब भी गॉसिप की बात आती है तो लोग सिर्फ महिलाओं को ही बदनाम करते हैं। वैसे जनाब सच्चाई यह है कि सिर्फ महिलाएं ही नहीं बल्‍कि पुरुष भी गॉसिप करना पसंद करते हैं। हाल ही में अमेरिका में कॉलेज ग्रुप के तमाम छात्र और छात्राओं पर एक बड़ी रिसर्च की गई। जिसमें 17 से 30 साल के बीच के करीब 300 लोग शामिल थे। गॉसिप को लेकर इन लोगों पर की गई रिसर्च में कई मजेदार बातें निकल कर सामने आईं।


इस रिसर्च में यह बात निकलकर आई कि ज्यादातर महिलाएं अपने आस-पास मौजूद मर्दों या फिर किसी खास व्यक्ति का ध्यान जब अपनी और आकर्षित करना चाहती हैं तो वह अपनी प्रतिद्वंदी महिलाओं के बारे में तरह-तरह की गॉसिप करती हैं। महिलाएं कई बार अपने आसपास की दूसरी खूबसूरत महिलाओं के लुक्स या फिर उनकी बदसूरती के बारे में भी खूब गॉसिप करती हैं।  गॉसिप करने का महिलाओं का उद्देश्य कई बार अपनी प्रतिद्वंदी महिलाओं के बारे में नई-नई और छुपी हुई जानकारियां हासिल करना होता भी है।

इस रिसर्च में यह भी साबित हो गया कि गॉसिप यानी गपशप के मामले में महिलाएं सच में पुरुषों से आगे हैं और वो इसे जमकर एंजॉय भी करती हैं जबकि मर्द दूसरी वजहों से ही गॉसिप करते हैं। ज्यादातर पुरुष अपने आसपास के दूसरे पुरुषों की उपलब्धियों और उनकी रईसी के बारे में गॉसिप करते हैं और ऐसे गॉसिप करके वो कई बार वह काफी मोटिवेट भी होते हैं।


अमेरिका की ओटावा यूनीवर्सिटी में हुई गॉसिप से जुड़ी इस रिसर्च से जुड़े सोशल साइंस एक्‍सपर्ट के मुताबिक गपशप एक सामाजिक कौशल है जो अपने आसपास के दूसरे लोगों से अच्छे और नए संबंध बनाने में मददगार साबित होता है। स्‍टडी में सामने आया कि गॉसिप करना पुरुष और महिलाओं दोनों को ही पसंद होता है बस गॉसिप करने की वजह आमतौर पर दोनों की अलग होती है।

गॉसिप करने से महिलाओं के दिमाग में ऑक्सीटोसिन नाम का एक हार्मोन रिलीज होता है इससे वह दूसरी महिलाओं के और भी नजदीक आ पाती हैं। ऐसा ही पुरुषों के साथ भी है। रिसर्च के मुताबिक आपस में खूब गॉसिप करने वाले लोग अन्य दोस्तों या सहकर्मियों की अपेक्षा एक दूसरे के ज्यादा करीब होते हैं। कहने का मतलब है कि अगर आप को भी किसी दूसरे के बहुत करीब जाना है तो आज से ही उसके साथ गॉसिप करना शुरू कर दीजिए! 

Post a Comment

और नया पुराने